
बालाघाट, प्रदेश सहित बालाघाट जिले में अचानक 3 दिनो से आई बारिश ने किसानों को भारी मुसीबत में डाल दिया है । असल में धान उत्पादक बालाघाट जिले में किसान इन दिनों अपनी धान की फसल की कटाई और मिसाई (खेती की प्रक्रिया) का कार्य कर रहे हैं. ऐसे में अचानक से आए पानी ने किसानों की धान की फसल को बुरी तरह प्रभावित किया है । सीजन का ये तीसरा तूफान है, जिसके कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । इस साल 20 प्रतिशत तक फसल उत्पादन में गिरावट की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं ।
बारिश से कटी रखी धान की फसल भीगी
हालांकि चक्रवाती तूफान आकवान के आज से कमजोर पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं । किन्तु बालाघाट में शनिवार देर शाम तक बारिश का दौर जारी रहा । जिसके कारण खेतों में काट कर रखी धान की फसल पूरी तरह भीग गई है, जो किसानों के लिए चिंता का विषय है । हालांकि मौसम को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों को सलाह दी गई है कि, खेतों में खड़ी फसलों को मौसम साफ होने तक न काटें और जो फसल कट चुकी है उसे ढककर रखें या फिर धान के बोरे बांध कर खड़े कर दें , ताकि बेमौसम हो रही बारिश का पानी नीचे से निकल जाए और फसलों को ज्यादा नुकसान न होने पाए ।
मौसम विभाग ने बताया कि —
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे इस चक्रवाती तूफान का असर अब कम हो चला है, लेकिन बालाघाट में आज भी इसका असर दिखाई पड़ेगा । जहां 30 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश के आसार बने हुए हैं । जानकारी के हिसाब से 23 नवम्बर से मौसम साफ होने की गुंजाइश है । किन्तु मौसम के साफ होते ही ठण्ड अपना कहर बरपाएगी । सर्द हवाओं के साथ हाड़ कपाने वाली कड़ाके की ठण्ड और ठिठुरन बढ़ेगी ।
एक तरफ खेतों में कटी फसल भींगने के कारण धान की क्वालिटी में अंतर आ सकता है । भीगी हुई धान के दाने काले पड़ने की संभावना है । तो दूसरी तरफ ज्यादा नमी के कारण धान अंकुरित होने की भी आशंका बनी हुई है । इसके अलावा खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान होने की संभावना है । चूंकि जिस तरह से मौसम का मिजाज बदला है और आसमान पर बादल छाए हुए हैं ।उसके कारण खड़ी फसल में सावरदेही नामक रोग लगने की बहुत ज्यादा गुंजाइश बढ़ जाती है ।
फसलों पर सावरदेही रोग का खतरा
लगातार मौसम खराब होने के कारण यह सावरदेही रोग खड़ी फसल पर ज्यादा प्रभावित हो जाता है । इसमें कीट धान की बालियों को काट काटकर नीचे गिराते जाते हैं । यह भयंकर कीट व्याधि वाला रोग है, इसका असर इतनी तेजी से होता है कि एक दो दिन अगर फसलों पर ध्यान नहीं दिया गया या फिर समय रहते दवाईयों का छिड़काव नहीं किया गया तो खेत में आई हुई फसल पूरी तरह चौपट हो सकती है । सावरदेही नामक इल्लियां बहुत तेजी से धान की बालियों को काट काटकर नीचे गिराती जाती हैं ।
कुल मिलाकर बिन मौसम आई बारिश ने एक बार फिर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है । खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल अब प्रभावित हो रही है, जिससे किसान परेशान नजर आ रहे हैं । हालांकि मौसम विभाग की माने तो यह मौसम रबी की फसल के लिये लाभदायक है । चूंकि खेतों में नमी बनी रहेगी, जो रबी की फसल की बुआई के लिये लाभदायक रहेगी ।
अधिकारी का कहना है ——
कृषि उपसंचालक राजेश खोब्रागढ़े ने बताया कि अब मौसम साफ होने लगा है, इसलिये ज्यादा नुकसान की गुंजाइश नही है । लेकिन दो चार दिनों बाद फिर से पानी के आसार है , इसलिये किसान साथी अपनी कटी फसलों को जल्दी समेट लें । खड़ी फसल को ज्यादा नुकसान नही है, क्योंकि जिले में मौसम खराब तो रहा लेकिन हवाएं नहीं चली, इसलिये फसल सुरक्षित खड़ी है । किसान साथी ज्यादा चिंता न करें, फसलों को सुरक्षित जगह पर रखने का प्रयास करें ।
किसान का कहना है —-
किसान फानेन्द्र बिसेन ने बताया कि बिन मौसम के बारिश हो रही है और इस बारिश के कारण कटी हुई फसल भीग गई है। जिससे फसल में अंकुरण की स्थिति बनी है । फसल में नमी बहुत ज्यादा है । अनाज सूख ही नहीं पा रहा , इससे फसल में सावरदेही कीट लगने का खतरा मंडरा रहा है । जिससे धान की बाली जमीन पर गिर जाएगी और किसानों को बहुत नुकसान होगा. शासन-प्रशासन से निवेदन है कि इसका सर्वे करवाएं और किसानों को उचित मुआवजा दें ।
