
बालाघाट, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापारी महोत्सव-2026 को देश के सर्वोच्च नेतृत्व का विशेष आशीर्वाद एवं समर्थन प्राप्त हुआ है। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए अपने आधिकारिक शुभकामना संदेश प्रेषित करते हुए भारतीय व्यापार, एमएसएमई, स्टार्टअप, स्वदेशी उद्योग तथा ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाने में महोत्सव की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है।
*अमित शाह करेंगे उद्घाटन, पीयूष गोयल एवं प्रवीण खंडेलवाल की रहेगी प्रमुख भूमिका*
भारतीय व्यापारी महोत्सव-2026 का भव्य उद्घाटन भारत के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव का नेतृत्व एवं संचालन कैट (CAIT) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल करेंगे। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कैट राष्ट्रीय महिला विंग की मुख्य संरक्षक श्रीमती स्मृति ईरानी भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रेरक संदेश से आयोजन की शोभा बढ़ाएँगी तथा विशेष रूप से महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करेंगी।
*देशभर के व्यापार, उद्योग और उद्यमिता का सबसे बड़ा राष्ट्रीय मंच*
मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र जैन एवं संयुक्त अध्यक्ष श्री गोविंद दास असाटी ने बताया कि यह महोत्सव देशभर के व्यापारियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप, एमएसएमई, महिला उद्यमियों एवं व्यापारिक संगठनों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी अपने उत्पादों एवं उद्योगों के स्टॉल लगाकर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे।
इस महोत्सव में देश के लगभग 30 राज्यों तथा 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, व्यापारी एवं खरीदार शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक एवं व्यापार जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ भी सहभागिता करेंगी।
*संत समाज का मिला आशीर्वाद एवं समर्थन*
भारतीय व्यापारी महोत्सव को देशभर के संत समाज का भी भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) के प्रेरणास्रोत परम पूज्य आचार्य श्री नयपद्मसागरजी महाराज ने इस आयोजन की सफलता के लिए अपना पावन आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्रदान की हैं। गुजरात के पूज्य संतों ने भी भारतीय व्यापार, स्वदेशी उद्योग एवं आत्मनिर्भर भारत के इस राष्ट्रीय अभियान की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण आयोजन बताया है।
बालाघाट से जाएगा 10 सदस्यीय व्यापारी प्रतिनिधिमंडल
कैट बालाघाट जिला अध्यक्ष भवानी शंकर टेकडी वाल ने बताया कि बालाघाट से लगभग 10व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल इस राष्ट्रीय महोत्सव में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाएगा। प्रतिनिधिमंडल आधुनिक व्यापार, डिजिटल तकनीक, नेटवर्किंग, नए व्यावसायिक अवसरों तथा व्यापार विस्तार की संभावनाओं का अध्ययन करेगा, जिससे बालाघाट के व्यापार एवं उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में कैट एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहेंगे, जिनमें बालाघाट प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल जी जिला अध्यक्ष भवानी शंकर टेकडी वाल जिला सचिव गणेश अग्रवाल जिला संगठन मंत्री दिलीप कारडा जिला प्रचार सचिव मनोज क्षीर सागर जिला सहसचिव कपिल जैन संतोष आहुजा जिला सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी बंधु सम्मिलित होंगे।
*व्यापार विस्तार का मिलेगा सुनहरा अवसर*
जिला संगठन मंत्री दिलीप कारडा ने बताया कि सभी व्यापारियों, उद्योगपतियों, महिला उद्यमियों एवं युवा व्यवसायियों से इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह महोत्सव भारतीय व्यापार को वैश्विक पहचान दिलाने, नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा
