ज़ेलेंस्की ने अगले साल यूक्रेन के लिए ईयू से 70 अरब यूरो की अतिरिक्त मदद मांगी

यह मांग पहले से मंजूर 90 अरब यूरो के ईयू कर्ज के अतिरिक्त है, जो 2026 और 2027 में यूक्रेन की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए दिया गया था। इससे उन यूरोपीय सरकारों पर और दबाव बढ़ गया है, जो पहले से ही बढ़ते कर्ज और उधार लेने की लागत से जूझ रही हैं।

श्री जेलेंस्की ने ब्रसेल्स में शुक्रवार को ईयू शिखर सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि इस अतिरिक्त धन से यूक्रेन को ड्रोन और अन्य तकनीकों का इस्तेमाल करके रूसी सेना, उनकी आपूर्ति मार्गों और युद्ध अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यूरोपीय नेताओं से कहा, “श्री पुतिन ने अब अपने युद्ध पर और अधिक पैसा खर्च करने के लिए एक नया बजट तैयार किया है। हमें इसका जवाब देना होगा और हम जानते हैं कि तकनीक की मदद से ऐसा कैसे किया जा सकता है। इसमें खर्च भी कम आता है और यह यूक्रेन और आप सभी के खिलाफ श्री पुतिन के अभियानों को रोकने में मदद करता है।”

उन्होंने कहा, “अगले साल इस युद्ध में 155 अरब यूरो का खर्च आयेगा। हमें आपसे कम से कम 70 अरब यूरो और चाहिए-रक्षा के लिए, हथियारों के लिए और अपनी मजबूती बनाये रखने के लिए। यह एक व्यावहारिक राशि है। मैं आपसे यह मदद जुटाने का आग्रह करता हूं। इससे हमें रूस को रोकने में मदद मिलेगी।”

श्री ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन के लड़ते रहने के अधिकार का भी बचाव किया, ऐसे समय में जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने संबंध बढ़ा रहे हैं और कीव की सैन्य रणनीति की आलोचना कर रहे हैं।

श्री ज़ेलेंस्की ने एक संवाददाता सम्मेलन में ‘यूरोन्यूज़’ के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वाशिंगटन के दबाव के बावजूद यूक्रेन अपना बचाव करना जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “मैं केवल यूक्रेन और यूक्रेन के लोगों के हितों की रक्षा करता हूं। हम पर हमला किया गया, हमारे इलाकों पर कब्ज़ा किया गया और हमारे लोगों को मारा गया। इसलिए यह स्वाभाविक है कि हमें अपना बचाव करने का अधिकार है।”

उन्होंने कहा, “रूस चाहे हमारे सभी अधिकारों को सीमित करने की कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले, यह स्पष्ट है कि हमें अपना बचाव करने का पूरा अधिकार है।”

Next Post

कांग्रेस हिंसा के जरिए सत्ता परिवर्तन का मॉडल अपनाना चाहती है: राजनाथ

Fri Oct 16 , 2026
लखनऊ, 16 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी ) ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन के जरिए देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा […]

You May Like

Play sound