
रीवा, रीवा शहर के चोरहटा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह लहसुन से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर साइकिल सवार युवक के ऊपर पलट गया. हादसा इतना भयानक था कि युवक सीधे ट्रक के नीचे दब गया. कुछ देर तक तो मौके पर मौजूद लोगों को समझ ही नहीं आया कि क्या करें. लेकिन फिर स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई ट्रक के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला.
यह हादसा चोरहटा में होटल चंद्रलोक के पास हुआ. बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह रोज की तरह सडक़ पर आवाजाही चल रही थी. तभी सामने से लहसुन से भरा ट्रक आ रहा था. अचानक ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ा और ट्रक अनियंत्रित होकर साइकिल सवार की तरफ पलट गया. ट्रक पलटते ही सडक़ पर लहसुन की बोरियां बिखर गईं और साइकिल पूरी तरह से ट्रक के नीचे दब गई. युवक भी ट्रक के नीचे दब गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसा देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दौडक़र मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत ट्रक के नीचे दबे युवक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. बड़ी मशक्कत के बाद युवक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया. उस समय युवक गंभीर रूप से घायल था और दर्द से कराह रहा था. लोगों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया. अगर लोग थोड़ी भी देर करते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी. घायल युवक की पहचान सतना जिले के शिल्परी गांव निवासी रामटहल यादव के रूप में हुई है. वह व्हीटीएल कंपनी में कर्मचारी है. सोमवार सुबह वह रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी पर रीवा आ रहा था. उसे क्या पता था कि आज का दिन उसके लिए इतना भारी होगा. घर से ड्यूटी के लिए निकला युवक रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है.
ट्र्रक किया गया जप्त
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने तुरंत घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और ट्रक को कब्जे में लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक अनियंत्रित कैसे हुआ.
