भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) परिसर में देश की तीसरी अत्याधुनिक ‘डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला’ और गैलरी का लोकार्पण किया। इस लैब के जरिए करीब 10 लाख साल पुराने अवशेषों और घटनाओं की वैज्ञानिक जांच की जा सकेगी। इससे प्राचीन सभ्यताओं के कालखंड, मानव विकास और उस समय की जलवायु परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकारी व्यवस्था में कई तरह की उलझनें रहती हैं। सरकार को समझाना और मनाना आसान नहीं है। अगर सरकार आसानी से मान जाए तो फिर सरकार ही क्या है। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद प्रदेश में शोध और नवाचार से जुड़े प्रकल्प धरातल पर उतर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने स्पेस टेक पॉलिसी लॉन्च की है। प्रदेश में डीप टेक रिसर्च पार्क के लिए करीब 100 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। भोपाल को नॉलेज सिटी और उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में RSS के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शोध का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे उद्योग और आम समाज तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने उज्जैन को दोबारा वैश्विक काल गणना केंद्र के रूप में स्थापित करने की बात भी कही। इस दौरान ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया और विभिन्न संस्थानों के बीच एमओयू भी हुए। कार्यक्रम में पद्मश्री पुरातत्वविद् नारायण जी व्यास का अभिनंदन भी किया गया
