गुना: नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां हर ओर आस्था का उल्लास है, वहीं अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा निवासी एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शाढ़ौरा से गुना जिले के बजरंगगढ़ स्थित प्रसिद्ध बीस भुजा देवी मंदिर में दर्शन करने आए 10 वर्षीय बालक आशुतोष शर्मा एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बीस भुजा देवी मंदिर प्रांगण में लगे मिकी माउस जंपिंग झूले के अचानक उखड़ने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शाढ़ौरा निवासी संगीता शर्मा अपने 10 वर्षीय बेटे आशुतोष के साथ माता के दर्शन करने बजरंगगढ़ आई थीं। आशुतोष की जिद पर मां उसे मेले में ले गई थी। सुबह करीब 11:30 बजे जब आशुतोष मिकी माउस झूले पर उछल रहा था, तभी तेज हवा के कारण झूला नीचे से उखड़ गया। इस हादसे में आशुतोष सीधे जमीन पर आ गिरा और उसे गंभीर चोटें आर्इं। मौके पर मौजूद एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए उसे अपनी कार से जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को इसलिए भी झकझोर दिया है क्योंकि आशुतोष अपनी माँ की आखिरी उम्मीद और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है।
नियति की क्रूरता देखिए कि आशुतोष के जन्म से ठीक एक दिन पहले उसके पिता नरेंद्र शर्मा का निधन हो गया था। वह बिजली विभाग में कार्यरत थे। संगीता ने 45 वर्ष की आयु में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के दौरान ही उनकी बेटी की भी मौत हो गई थी। पिता और बहन को खोने के बाद संगीता ने बड़े लाड़-प्यार से अपने इकलौते बेटे आशुतोष को पाला था। आज वही बेटा अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। शाढ़ौरा और बजरंगगढ़ के स्थानीय निवासी और जो भी इस मार्मिक पृष्ठभूमि को सुन रहा है, उसकी आँखें नम हैं। फिलहाल, समूचा क्षेत्र आशुतोष के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
