जबलपुर: अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर आरटीओ ने शिकंजा कसा। संभागीय परिवहन सडक़ सुरक्षा दल, जबलपुर ने जून माह में उल्लेखनीय कार्रवाई करते हुए 1,528 वाहनों के खिलाफ लगभग 59 लाख रुपये की चालानी कार्रवाई की है।जून माह के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में 26 वाहन बिना वैध परमिट, 17 ओवरलोड वाहन तथा 61 वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक माल बाहर निकला हुआ पाया गया।
इसके अतिरिक्त 37 चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, 40 वाहन बिना वैध प्रदूषण प्रमाण-पत्र, 86 चालक बिना सीट बेल्ट तथा 159 वाहन बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के संचालित होते मिले, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 324 वाहन चालक मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाते पाए गए। इसके अलावा 2 वाहन बिना वैध बीमा तथा 2 वाहन बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के संचालित होते मिले। अन्य विभिन्न मोटरयान अपराधों में भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। विदित हो कि परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध परिवहन, कर वंचना एवं सडक़ सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त प्रवर्तन अभियान के तहत आरटीओ जबलपुर की कार्रवाई से हडक़ंप मचा हुआ है । विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर प्रवर्तन कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
