
लंदन, 23 नवंबर (वार्ता) ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र (यूकेएमटीओ) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, फरवरी के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद अक्टूबर में होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की मासिक संख्या सबसे अधिक रही।यूकेएमटीओ को अक्टूबर में दर्ज घटनाओं की संख्या पहली बार युद्ध शुरू होने के बाद 30 से अधिक हो गई। वहीं, रविवार तक नवंबर में होर्मुज जलडमरूमध्य, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में कम से कम 22 हमले दर्ज किए गए।
आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर से पहले हमलों की औसत मासिक संख्या करीब 10 थी। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) के अलग-अलग आंकड़े भी संकेत देते हैं कि इस साल अब तक अक्टूबर में सबसे अधिक पुष्ट घटनाएं दर्ज की गईं। शुक्रवार को प्रकाशित अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट में यूकेएमटीओ ने कहा कि उसके आंकड़ों में केवल प्राथमिक स्रोतों के जरिए सत्यापित घटनाएं शामिल हैं। एजेंसी ने यह भी बताया कि अन्य घटनाओं की जानकारी है, लेकिन उनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।
एजेंसी ने अक्टूबर के मध्य में यह भी कहा था कि हमले का सामना करने वाले अधिकांश जहाज घटनाओं की सूचना नहीं दे रहे हैं, जबकि कई जहाजों ने अपनी पहचान और स्थिति का पता लगने से बचने के लिए ट्रैकिंग उपकरण बंद कर दिए हैं।
युद्ध से पहले दुनिया की कुल तेल आपूर्ति का करीब पांचवां हिस्सा जिस जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था, वहां से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही अब भी संघर्ष से पहले के स्तर से करीब 65 प्रतिशत कम है। इसके पीछे ईरान की ओर से जहाजों की आवाजाही रोकने के प्रयास और ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी को प्रमुख कारण बताया गया है।
अक्टूबर के मध्य में जारी एक रिपोर्ट में समुद्री निगरानी एजेंसी ने कहा था कि वह हमलों की कुल संख्या का सही आकलन करने में कठिनाई का सामना कर रही है, क्योंकि निशाना बनाए गए अधिकांश जहाज उसके पास घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं करा रहे हैं।
इस बीच, वैश्विक तेल कीमतों में हाल में गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने इसका कारण खाड़ी क्षेत्र से निर्यात में सुधार और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद अमेरिका की ओर से नयी सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं में कमी को बताया है।
