सीहोर। शहर के प्राचीन श्री चिंतामण गणेश मंदिर में 27 अगस्त से दस दिवसीय गणेशोत्सव एवं मेला प्रारंभ होने जा रहा है. इस आयोजन के लिए प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला स्थल पर सुरक्षा एवं सुविधा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. कलेक्टर ने बताया कि मंदिर परिसर एवं आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा. साथ ही, यातायात व्यवस्था हेतु बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की योजना बनाई गई है. भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टुकड़ियां तैनात रहेंगी.
उन्होंने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा मेले में लगने वाले झूलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी उपलब्ध रहेगा. नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पार्षदों व क्षेत्रवासियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने सफाई, लाइटिंग, झूले, अस्थायी शौचालय, दुकानों की व्यवस्था और पानी की आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. नगर पालिका द्वारा करीब 74 दुकानें और अस्थायी सुविधाएं स्थापित की जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
