
देवास। शहर के उज्जैन रोड स्थित कालूखेड़ी बायपास पर रविवार को रेत से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने दो कारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और इसके बाद डंपर सड़क पर पलट गया। हादसे में दोनों कारों में सवार कुल आठ लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। डंपर पलटने से उसमें भरी रेत सड़क पर बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, नौसराबाद निवासी महेंद्र चौहान अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रही कार को पीछे से आ रहे रेत से भरे डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर ने उनकी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। दोनों कारों में कुल आठ लोग सवार थे, जिन्हें हादसे में चोटें आईं।
कार सवारों का आरोप था कि डंपर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक के मौके से भाग जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर में भी दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही बनी चिंता-
गौरतलब है कि हाल ही में देवास शहर में दिन के समय नो-एंट्री क्षेत्र में एक कंटेनर प्रवेश कर गया था। पुलिस ने बेरिकेडिंग कर उसे रोका था। उस मामले में भी कंटेनर चालक के नशे में होने की बात सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही, चालकों की सतर्कता और यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के चालकों की नियमित जांच, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई और यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
