सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी पिपराव के ग्राम पंचायत चोरगड़ी में जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के सात लोगों पर घर में जबरन घुसकर 35 वर्षीय राहुल विश्वकर्मा के साथ गाली-गलौज और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय राहुल अपने घर पर थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग जमीन विवाद को लेकर उनके घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत में चोरगड़ी निवासी सतेन्द्र उर्फ पन्नू बढ़ई, अर्जुन बढ़ई, लल्लू बढ़ई, संजय बढ़ई, महेंद्र बढ़ई, रामाऔतार बढ़ई और मीना बढ़ई के नाम शामिल हैं। घटना की सूचना पुलिस चौकी पिपराव और थाना रामपुर नैकिन को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी सात नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
