विदिशा। विदिशा में चतुर्थ अखिल भारतीय रविदास वंशीय समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं अधिवेशन आयोजित किया गया। रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ जिला विदिशा और विदिशा संत रविदास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से समाज के लोग शामिल हुए।
सम्मेलन में करीब 300 युवक-युवतियों ने भाग लेकर अपना परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित होने का अवसर प्रदान करना और समाज में वैवाहिक संबंधों को बढ़ावा देना रहा।
इस दौरान अहिरवार, जाटव, सूर्यवंशी, दोहरे, सिलावट, सुनहरे और जांगड़ा रैदास समाज के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात, दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजजन भी पहुंचे।
कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन सहित समाज के कई पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान समाज की एकता, शिक्षा, संगठन और सामाजिक उत्थान जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
