
ग्वालियर। चिड़ियाघर में रखे नर एवं मादा हिमालयन भालू के बीच आपसी संघर्ष होने के कारण मादा भालू की मौत हो गई। नर एवं मादा हिमालयन भालू को वर्ष 2019 में त्रिपुरा स्थित सेपाहिजाला प्राणी उद्यान से ग्वालियर लाया गया था। दोनों भालू एक ही एनक्लोजर में रखे गए थे।
बीती मध्य रात्रि को दोनों भालुओं के बीच आपसी संघर्ष हो गया, जिसमें नर भालू ने मादा भालू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मादा भालू के जबड़े, पंजे, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं। अत्यधिक चोट एवं रक्तस्राव के कारण मादा भालू एनक्लोजर में मृत पाई गई।
घटना के बाद मृत मादा भालू का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम ग्वालियर पशु चिकित्सा सेवाओं के पशु चिकित्सक डॉ. संजय जाधव एवं डॉ. नीलम सुमन द्वारा किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी मुकेश पटेल (डीएफओ), अनुराग तिवारी (एसडीओ), निगम उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, डॉ. उपेन्द्र सिंह यादव, चिड़ियाघर के जू कीपर श्री शिवकुमार पाल एवं एनिमल कीपर अरुण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
