बुधनी। नगर के दशहरा ग्राउंड में आयोजित 6 दिवसीय 8 साइड रात्रिकालीन बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ. प्रतियोगिता का आयोजन डीडी कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल द्वारा किया गया, जिसमें आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से आई 32 टीमों ने भाग लिया.
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर अर्जुन मालवीय द्वारा किया गया. उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इससे अनुशासन व सकारात्मक सोच विकसित होती है. छह दिनों तक चले इस रात्रिकालीन टूर्नामेंट में रोजाना रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. बुधनी, होशंगाबाद, इटारसी सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी. फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स और यंग वॉरियर इटारसी के बीच खेला गया, जिसमें यंग वॉरियर इटारसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. वहीं फ्रेंड्स टीम उपविजेता रही. समापन अवसर पर विजेता टीम को 21 हजार रुपये एवं उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. पुरस्कार वितरण समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
इस अवसर पर डीडी कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालक सीबी त्रिपाठी, सीवी रमन कॉलेज के संचालक विवेक भदौरिया, युवा शक्ति अध्यक्ष मंटू खान, राकेश तनेजा, दीपेश शर्मा, धीरेन्द्र तिवारी, सोनू बत्रा, पीयूष मालवीय, सोनू चौहान, विजय सक्सेना एवं यशवंत चौहान सहित अन्य अतिथियों ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया.मनोरम व्यास द्वारा की गई आकर्षक कमेंट्री एवं मंच संचालन ने दर्शकों को बांधे रखा.
