दो साल से अधूरा पड़ा चंद्रभागा मार्ग पर निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य

इंदौर: शहर के चंद्रभागा मार्ग पर सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यहां के व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. करीब 1 किलोमीटर लंबी इस जूनी इंदौर-चंद्रभागा मुख्य सड़क से से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं. इस सड़क पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. आसपास की 10 से ज्यादा कॉलोनियों के लोग भी इससे परेशान हैं.
कलालकुई से चंद्रभागा पुल तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होने से पहले क्षेत्रवासियों को जाम, नो-पार्किंग और बारिश में जलभराव से राहत की उम्मीद थी. मार्ग सकरा होने के कारण यहां आए दिन यातायात बाधित होता था और तेज बारिश में 4 से 5 फीट तक पानी भरने की स्थिति बनती थी. इस समस्या के समाधान के लिए कई बाधक मकानों को हटाया गया और दावा किया गया था कि करीब 7 से 8 महीने में पूरा मार्ग तैयार कर दिया जाएगा, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी सड़क अधूरी है. निर्माण की धीमी रफ्तार से जहां आवाजाही प्रभावित है, वहीं छोटे-बड़े व्यापारियों का कारोबार करीब पौने दो वर्ष से बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. अब कार्य पूरा होने में 9 से 12 महीने और लगने की चर्चा है. बाधाएं हटने के बाद भी निर्माण में विलंब को लेकर नगर निगम पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

यह बोले क्षेत्रवासी…

काम बहुत अच्छा है, लेकिन थोड़ा गति से होना चाहिए. दो साल हो चुके हैं, लोगों का व्यापार पूरा ठप है, जब रोड बन जाएगा, तब सुविधा बढ़ेगी व्यापार में भी बढ़ोतरी होगी.
– अब्दुल गनी

दोनों तरफ सीवरेज वाटर और गैस लाइन डाली जाएगी. मार्ग कितना सुंदर होगा यह तो नहीं बताया, लेकिन आने वाले समय में यहां के व्यापार में बड़ा उछाल आएगा. बस कार्य को जल्दी पूरा कर देना चाहिए.
– मोहम्मद असगर

मिट्टी के बर्तन और मूर्तियां बनाते हैं, इसलिए दो साल से कमाई का नामोनिशान नहीं है. अब अच्छे समय का इंतजार कर रहे हैं. इस मार्ग से जुड़े सभी व्यापारी और निवासी परेशान हैं.
– अंबा राम प्रजापत

Next Post

शहर में 7 स्थानों पर एक साथ जगमगाए 67 हजार दीप

Fri Sep 18 , 2026
सतना: 17 सितंबर की शाम शहर ने दीपों की रोशनी और जनभागीदारी की एक अनूठी तस्वीर पेश की। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम सतना द्वारा शहर के सात प्रमुख स्थानों पर आयोजित ‘एक दीया, सेवा के नाम’ कार्यक्रम में एक साथ 67 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित […]

You May Like