सतना: 17 सितंबर की शाम शहर ने दीपों की रोशनी और जनभागीदारी की एक अनूठी तस्वीर पेश की। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम सतना द्वारा शहर के सात प्रमुख स्थानों पर आयोजित ‘एक दीया, सेवा के नाम’ कार्यक्रम में एक साथ 67 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में हजारों नागरिक इस आयोजन से जुड़े और दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सद्भाव एवं जनकल्याण के संकल्प में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस शहरव्यापी आयोजन का केंद्र वेंकटेश लोक रहा, जहां अकेले 31 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शाम ढलते ही एक के बाद एक जलते हजारों दीपों से पूरा परिसर रोशनी में नहा उठा। दीपों की लंबी कतारें, रंगोली और विशेष सजावट के बीच वेंकटेश लोक का दृश्य आकर्षक रहा। मुख्य समारोह में राज्यमंत्री, नगरीय आवास एवं विकास विभाग श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, नगरीय आवास एवं विकास विभाग के सचिव बी. एस. जामोद, कलेक्टर सतीश कुमार एस., पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय तथा महापौर योगेश कुमार ताम्रकार उपस्थित रहे। सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
इसी कड़ी में नगर पालिक निगम द्वारा सातों आयोजन स्थलों पर प्रकाश, स्वच्छता, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ हुए आयोजन ने कार्यक्रम को नगरव्यापी स्वरूप दिया।
रंगोली में उभरा प्रधानमंत्री का पोर्ट्रेट
वेंकटेश लोक में रंगोली से तैयार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पोर्ट्रेट लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रंगों की बारीक सज्जा से तैयार पोर्ट्रेट को देखने और तस्वीरों में सहेजने के लिए नागरिकों में उत्साह दिखाई दिया। वहीं ‘सेवा के 25 वर्ष’ थीम पर तैयार विशेष सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने तस्वीरें लेकर आयोजन की स्मृतियों को संजोया।
दीपों में उभरी पहचान
आयोजन की खास प्रस्तुतियों में भारत, मध्यप्रदेश और सतना के नक्शे शामिल रहे। तीनों नक्शों के चारों ओर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। अंधेरा होते ही दीपों की रोशनी से घिरी उनकी आकृतियां उभरकर सामने आईं। भारत से मध्यप्रदेश और मध्यप्रदेश से सतना तक की पहचान को एक ही परिसर में दीपों के माध्यम से प्रस्तुत करने वाला यह दृश्य लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।
