
भोपाल। करोंद क्षेत्र में एक किराना व्यापारी के सूने मकान में चोरी की घटना हुई. पीड़ित परिवार जब शहर से बाहर गया था. इस दौरान अज्ञात चोरों ने मकान पर धावा बोल दिया. मकान में चोरी हुई ज्वेलरी और नगदी की रसीद नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को केवल शिकायती आवेदन ही दिया.
विश्वकर्मा नगर फेस 2 के रहने वाले पीड़ित अरविंद राठौर ने बताया कि वह किराने की दुकान चलाते हैं. 2 नवबंर को उनके ससुर का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से पूरा परिवार विदिशा गया था. 3 नवबंर को जब परिवार मकान के अंदर पहुंचा, तो चोरी अंदेशा हुआ. घर में रखे सामान नदारद मिला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई. अज्ञात चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़ कर सोने के जेवरात और नगदी ले उड़े. राठौर ने बताया कि बुधवार को थाना निशातपुरा में एफआईआर दर्ज करने के लिए वह गए थे. थाने में चोरी की घटना की जानकारी लेने के बाद उनसे चोरी गए जेवरात की रसीदें मांगी गई. रसीदों के अभाव में एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी. राठौर से थाने में केवल शिकायती आवेदन लिया गया.
राठौर ने बताया कि पहले भी कई बार विश्वकर्मा नगर सामाजिक कल्याण और शिक्षा समिति ने थाना निशातपुरा में असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थी. कुछ समय तक पुलिस ने रात्री गस्त की थी, बाद में वह भी बंद हो गई. समिति अध्यक्ष और सदस्यों ने जानकारी दी कि यहां दिन रात कुछ असामाजिक तत्व शराब पीकर जुआ सट्टा खेलते रहते हैं. जब आस पास के निवासियों ऐसे लोगों को टोकते हुए मना करते हैं, तो उन्हें जान से मारने और देख लेने की धमकियां दी जाती हैं.
