नयी दिल्ली, 09 नवंबर (वार्ता) भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष आठ नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग (टीजीएल) मठ में प्रतिष्ठापित किये गये हैं , जहां श्रद्धालु 13 नवंबर तक उनके दर्शन कर सकेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि मठ में पवित्र अवशेषों की स्थापना के बाद आम जनता के लिए दर्शन की व्यवस्था की गयी है। यहां आठ से 13 नवंबर तक आम जनता के लिए दर्शन की व्यवस्था की गयी है।
इससे पहले सात नवंबर को तवांग स्थित गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में सात दिनों तक चले सार्वजनिक दर्शन कार्यक्रम का समापन हुआ था। इस दौरान तवांग के विभिन्न ब्लॉकों और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र अवशेषों के दर्शन कर श्रद्धा अर्पित की। बोमडिला में दर्शन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पवित्र अवशेषों को नामसाई स्थित स्वर्ण पैगोडा ले जाया जायेगा, जहां 14 से 20 नवंबर तक श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को अवशेषों को नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय वापस लाया जायेगा।

