पल्स पोलियो अभियान: पहले दिन 5 वर्ष तक के 1 लाख 21 हजार 330 बच्चों को दी पोलियो की खुराक

देवास। जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया गया। अभियान के पहले दिन कुल 1 लाख 21 हजार 330 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के अंतर्गत पांच वर्ष तक की आयु के कुल 1 लाख 86 हजार 252 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। छूटे हुए बच्चों को अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी।

अभियान के तहत हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी ने बरोठा में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने तथा आसपास के अन्य बच्चों के अभिभावकों को भी जागरूक करने की अपील की। विधायक चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि घर-घर संपर्क एवं सतत निगरानी के माध्यम से प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला चिकित्सालय देवास एवं जिले की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Next Post

प्रतिभाओं को तरासना जरूरी: शाह

Sun Nov 22 , 2026
सिंगरौली । बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनका उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से आज रविवार को अटल बिहारी सामुदायिक भवन बिलौंजी, बैढ़न में संसार प्रोडक्शन हाउस के तत्वाधान में असली प्रतिभा का मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में […]

You May Like