भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी सुयश त्यागी ने कहा कि पार्टी का फोकस अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि टीवी और प्रिंट मीडिया पर पार्टी का पहले जैसा ही फोकस बना हुआ है, लेकिन तेजी से बढ़ते वेब यूजर्स को देखते हुए सोशल मीडिया पर नई रणनीतियों और तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुयश त्यागी के मुताबिक भाजपा सोशल मीडिया के लिए AI के अलग-अलग टूल्स का इस्तेमाल कर रही है। वीडियो मेकिंग, मोशन ग्राफिक्स, ग्राफिक्स और वॉइस समेत कंटेंट क्रिएशन के कई कामों में AI से काफी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार नए प्रयोग कर रही है।
वायरल कंटेंट और तथ्यात्मक जानकारी में प्राथमिकता को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए वायरल होना नहीं, बल्कि तथ्यात्मक होना ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा में भी यही है कि पहुंच के पीछे नहीं, बल्कि तथ्यों और सत्य के पीछे चलना है।
फेक न्यूज से निपटने को लेकर सुयश त्यागी ने बताया कि भाजपा ने फैक्ट चेक की प्रक्रिया बनाई हुई है। जानकारी को पार्टी स्तर पर फैक्ट चेक करने के साथ जनसंपर्क विभाग और PIB जैसी आधिकारिक वेबसाइट्स से भी वेरिफाई किया जाता है, जिसके बाद उसे लोगों तक पहुंचाया जाता है।
उन्होंने बताया कि भाजपा या उसके नेताओं के खिलाफ फेक न्यूज सामने आने पर करीब आधे घंटे के भीतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। जरूरत पड़ने पर योजनाबद्ध तरीके से फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस शिकायत भी की जाती है।
