लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स ने उठाई सख्त नियमों और पंजीयन की मांग

सिंगरौली। लैब टेक्नोलॉजिस्ट डे के अवसर पर भोपाल में एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सिंगरौली जिले से शिवप्रसाद विश्वकर्मा, चंदू प्रसाद शाह, राजकुमार गुप्ता, विक्रम शाह और राम अनुज शाह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

सेमिनार में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखने पर सहमति बनी। प्रतिभागियों ने मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से टेक्नोलॉजिस्ट्स के भविष्य को सुरक्षित करने और उन्हें संगठित करने पर जोर दिया।

बैठक में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना (क्रमांक 327/18/05/2018) को मध्य प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू करने की मांग उठी। इसके तहत बेसिक मेडिकल लैब संचालन, लैब रिपोर्ट जारी करने और उस पर अधिकृत हस्ताक्षर संबंधी स्पष्ट नियम लागू करने की आवश्यकता बताई गई।

इसके अलावा, कलेक्शन सेंटरों का संचालन केवल प्रशिक्षित मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स द्वारा ही किए जाने, मध्य प्रदेश एलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन, तथा संचालन के लिए पारदर्शी और स्पष्ट गाइडलाइन तय करने की मांग की गई।

प्रतिभागियों ने मेडिकल स्टोर्स में संचालित हो रहे अवैध कलेक्शन सेंटरों को बंद कराने और कॉर्पोरेट पैथोलॉजी लैब्स द्वारा मनमाने ढंग से कलेक्शन पॉइंट वितरित करने का विरोध भी जताया। साथ ही, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (टीचिंग एवं क्लीनिकल) क्षेत्र में स्थायी सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठी।

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य लैब टेक्नोलॉजिस्ट्स के अधिकारों की सुरक्षा के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है, ताकि इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।

Next Post

शाहपुर चाकूबाजी कांड: रसूखदार आरोपी गिरफ्तार, लापरवाह हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड

Fri Apr 17 , 2026
. खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ छेड़छाड़ और चाकूबाजी करने वाले आरोपी आकाश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 11 अप्रैल की रात घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया था और असफल होने पर उसके सीने पर […]

You May Like