.
खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ छेड़छाड़ और चाकूबाजी करने वाले आरोपी आकाश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 11 अप्रैल की रात घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया था और असफल होने पर उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया था। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी और लापरवाही बरतने के आरोप में हेड कॉन्स्टेबल हीरालाल ब्राह्मणे को निलंबित कर दिया गया है।
घटना के समय पीड़िता का पति बाहर गया हुआ था, जिसकी जानकारी आरोपी को सोशल मीडिया स्टेटस से मिली थी। पीड़िता पिछले छह दिनों से जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी सर्जरी की गई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि आरोपी के राजनीतिक रसूख के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। हालांकि, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने आरोपी से किसी भी तरह के रिश्ते को नकारते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
