बारिश और मरम्मत के चलते रविवार से अमरनाथ यात्रा दोनों मार्गों से स्थगित

श्रीनगर, 8 अगस्त (वार्ता) मौसम विज्ञान विभाग के खराब मौसम के पूर्वानुमान और यात्रा मार्गों के संवेदनशील हिस्सों की मरम्मत और रखरखाव के काम को देखते हुए श्री अमरनाथ जी यात्रा रविवार (9 अगस्त) से चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों मार्गों से निलंबित रहेगी।

यह निलंबन ऐसे समय में हुआ है जब अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं।

इस वर्ष 57 दिवसीय यह तीर्थयात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी, जिसका समापन 28 अगस्त को छड़ी मुबारक समारोह के साथ होना निर्धारित है।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने कहा, “अब तक 4.8 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, हाल ही में हुई बारिश के कारण संवेदनशील हिस्सों में यात्रा ट्रैकों की मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता महसूस की गई है, जिसे सीमा सड़क संगठन पूरा कर रहा है।” उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान प्रतिकूल मौसम की भी भविष्यवाणी की है, जिसके कारण 9 अगस्त से दोनों मार्गों से यात्रा को स्थगित करना आवश्यक हो गया है।

श्री गर्ग ने बताया कि पवित्र ‘छड़ी मुबारक’ पारंपरिक पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ेगी और 28 अगस्त को यात्रा के समापन का प्रतीक बनेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपनी सुरक्षा और यात्रा के सुचारू संचालन के हित में समय-समय पर सक्षम प्राधिकारी की सलाह का पालन करने की अपील की।

Next Post

'छात्र भारत की शक्ति हैं, लेकिन सिस्टम ने उन्हें चक्रव्यूह में फंसा रखा है' - सरकार पर भड़के राहुल गांधी

Sat Aug 8 , 2026
प्रयागराज, 8 अगस्त (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं को एक ऐसे ‘चक्रव्यूह’ […]

You May Like