बेंगलुरु, 13 फरवरी (वार्ता) कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में होसकोटे तालुक के एम सत्यवारा गांव के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गयी।
यह हादसा एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक कैंटर गाड़ी की टक्कर की वजह से हुआ। पुलिस ने इस हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार होने की आशंका जतायी है। यह हादसा होसकोटे-डबसपेटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार ने अपने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पहले टक्कर मार दी। इसके बाद कार उसी रास्ते पर चल रही एक कैंटर गाड़ी से टकरा गयी।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार में सवार छह लोगों और मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अचानक हुई टक्कर ने राजमार्ग पर तेज रफ्तार गाड़ी चलाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने कहा कि कार कथित तौर पर तेज रफ्तार में चल रही थी और पीछे से बाइक को टक्कर मारने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया तथा फिर कैंटर से टकरा गयी।
इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। पुलिस ने गाड़ी चलाने वालों से सावधानी बरतने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि ऐसी जानलेवा दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
