जनरल सेठ के चेक गणराज्य दौरे पर रक्षा सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा प्रौद्योगिकी, सैन्य आदान-प्रदान और रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की है।

सेना ने रविवार को बताया कि जनरल धीरज सेठ ने चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, विदेश मंत्रालय के उप मंत्री, सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों और रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

प्राग स्थित चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ मुख्यालय में उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का के साथ बदलते सुरक्षा हालात, रक्षा आधुनिकीकरण और दोनों सेनाओं के बीच पेशेवर आदान-प्रदान पर चर्चा की। उन्हें चेक सेना की भविष्य की युद्ध तैयारी और आधुनिकीकरण योजना ‘होराइजन 2035’ की जानकारी भी दी गई।

जनरल सेठ ने ब्रनो स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ डिफेंस और नाटो के सीबीआरएन डिफेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भी दौरा किया। यहां सैन्य शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु रक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।

इसके अलावा उन्होंने चेक सेना की चौथी रैपिड डिप्लॉयमेंट ब्रिगेड की कार्यप्रणाली और क्षमताओं की जानकारी ली। चेक रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में रक्षा तकनीक और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। यह दौरा भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा संबंधों को नई गति देने तथा सैन्य प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और रक्षा उद्योग में सहयोग के नए अवसर तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

 

 

Next Post

रेवली-देवली के स्कूल को मिली 1 करोड़ 13 लाख की सौगात, विधायक दिलीप सिंह परिहार ने की स्वीकृति प्रदान

Sun Nov 22 , 2026
नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम रेवली-देवली लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। गांव में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रेवली-देवली के हायर सेकेंडरी स्कूल में […]

You May Like