
उज्जैन:फ्रीगंज ओवरब्रिज के समीप बनाए जा रहे नए फोरलेन ब्रिज के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है. रेलवे ने अपने हिस्से का काम पूरा करते हुए फुटओवर ब्रिज को पूरी तरह हटा दिया है. अब सेतु विकास निगम द्वारा शेष पेंडिंग कार्यों के लिए फाइल आगे बढ़ा दी गई है और नगर निगम को ब्रिज के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन शिफ्ट करने का कार्य करना है.
नवभारत से चर्चा में सेतु विकास निगम के कार्यपालन यंत्री पीएस पंत ने बताया कि आज या कल में फ्रीगंज ओवरब्रिज के नीचे की सड़क को बंद कर दिया जाएगा. यह सड़क स्टडी होम और डॉक्टर भोरास्कर के पास से होते हुए सेतु विकास निगम कार्यालय की ओर जाती है. सड़क बंद होने के बाद यहां बड़े-बड़े पिलरों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. हालांकि फिलहाल नगर निगम द्वारा पाइपलाइन शिफ्ट करने का कार्य शेष है.
पीएचई के चैंबर और पाइपलाइन
सेतु विकास निगम ने बताया कि इस क्षेत्र में पीएचई के चेंबर मौजूद हैं, जहां से जलप्रदाय की प्रक्रिया संचालित होती है. इन चेंबरों को शिफ्ट किया जाना आवश्यक है. इसके अलावा जमीन के अंदर दबी हुई कई केबल भी हटाई जाएंगी. इन सभी कार्यों के पूर्ण होने के बाद ही ब्रिज निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा.
निर्माण के स्थान को खाली करना जरूरी
यंत्री ने बताया कि साइट रिक्त न होने के कारण लगभग छह माह से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था. यदि नगर निगम समय पर पाइपलाइन शिफ्ट कर देता है तो ब्रिज निर्माण में तेजी आ जाएगी. रेलवे द्वारा फुटओवर ब्रिज हटाए जाने के बाद अब नगर निगम को अपने हिस्से का कार्य पूरा करना है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सूचित किया जा चुका है कि जहां-जहां ब्रिज निर्माण होना है, वहां की साइट को शीघ्र खाली किया जाए.
सेतु विकास निगम कर रहा राशि जमा
गौरतलब है कि रेलवे को सेतु विकास निगम द्वारा राशि जमा किए जाने के करीब छह माह बाद फुटओवर ब्रिज हटाया गया. इसी तरह अब नगर निगम को भी राशि जमा कर दी गई है और पीएचई की लाइनों को हटाने के लिए बार-बार पत्राचार और आगाह किया जा रहा है.
दो भुजा बनेगी, एक वन वे होगी
कुल मिलाकर सिंहस्थ 2028 से पहले फ्रीगंज ओवरब्रिज के समानांतर एक और नया फोरलेन ब्रिज बनाया जाना है. इस महत्वाकांक्षी योजना का ठेका गुजरात के अहमदाबाद की चैतन्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को 92 करोड़ रुपये में दिया गया है. नया ब्रिज चामुंडा माता चौराहा, नगर वन से होते हुए विनोदालय के पास स्टडी होम स्कूल के आगे मक्सी रोड तरफ तक पहुंचेगा, जबकि इसकी एक भुजा टॉवर चौक की ओर निकलेगी. सेतु विकास निगम ने बताया कि मक्सी रोड तरफ जाने वाली भुजा वन-वे होगी. यह नया फोरलेन ब्रिज सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन आने वाले साधु-संतों, अतिथियों और अनुमानित 30 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा.
निगमआयुक्त तो बोले,जल्द करेंगे पाइपलाइन शिफ्ट
इधर, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने चर्चा में बताया कि निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं. पीएचई के कर्मचारी जल्द ही पाइपलाइन शिफ्ट करने का कार्य शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन आम जनता को जलप्रदाय करना भी नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए जल आपूर्ति बाधित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
जलापूर्ति बाधित न हो
जैसे-जैसे जलप्रदाय की स्थिति अनुकूल होगी, वैसे-वैसे पाइपलाइन शिफ्ट की जाएगी. सिंहस्थ के कार्य, ब्रिज निर्माण और नियमित जलप्रदाय- तीनों के बीच समन्वय बनाकर चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है. जल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं
