
नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम रेवली-देवली लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। गांव में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रेवली-देवली के हायर सेकेंडरी स्कूल में नए भवन एवं सर्वसुविधायुक्त लैब के निर्माण के लिए 1 करोड़ 13 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्कूल में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद से विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक दिलीप सिंह परिहार का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का मानना है कि यह राशि स्कूल के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
इसी अवसर पर रेवली-देवली के भाजपा नेता एवं मंडल उपाध्यक्ष मोहन नागदा ने जनपद सदस्य रतनलाल मालावत की मौजूदगी में विधायक दिलीप सिंह परिहार का पुष्पहार एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा स्वीकृति के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष हेमंत हरित, लोकेश जंगल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
