रियाद में हूती हमले से इमारत को नुकसान, कोई हताहत नहीं

रियाद, (वार्ता) सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित ‘किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट’ (केएएफडी) के एक टावर को गुरुवार को हूती मिलिशिया द्वारा निशाना बनाए जाने से कई मंजिलों और आसपास की इमारतों को भौतिक नुकसान पहुंचा है, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी सऊदी नागरिक सुरक्षा टीम के हवाले से दी है। नागरिक सुरक्षा के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार वित्तीय कामकाज वाली एक टावर पर हूती मिलिशिया के हमले के बाद आपातकालीन टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं सुरक्षा उपाय शुरू किए। हमले में टावर की कई मंजिलों और निकटवर्ती इमारतों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रवक्ता ने नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाए जाने की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का घोर उल्लंघन बताया।

इस बीच, सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर रियाद में नागरिक और आर्थिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हूती मिलिशिया के हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने अपनी संप्रभुता की रक्षा करने, राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा करने तथा नागरिकों एवं निवासियों की हिफाजत के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के सऊदी अरब के पूर्ण और वैध अधिकार की पुष्टि की।

बयान में जोर देकर कहा गया कि सऊदी अरब अपने क्षेत्र या राष्ट्रीय संपत्तियों को निशाना बनाने वाले किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करेगा। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों से अपनी जिम्मेदारियों को निभाने, प्रासंगिक प्रस्तावों को लागू करने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा बने हूती मिलिशिया के हमलों की निंदा करने का आह्वान किया।

Next Post

जवानों को योग प्रशिक्षक बनाने के लिए वायुसेना और संस्कृत विश्वविद्यालय में समझौता

Fri Nov 20 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) वायुसेना और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने अग्निवीरवायु सैनिकों को योग प्रशिक्षक बनाने के लिए समझौता किया है। यह समझौता ‘योग सेतुः’ कार्यक्रम के तहत योग प्रशिक्षक (लेवल-1) का प्रशिक्षण देने के लिए किया गया है। दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत वायु सैनिकों को […]

You May Like