कांगड़ा, 13 जून (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा-शिमला राजमार्ग पर गुरुवार को एक वैन के 100 फुट गहरी खाई में गिर जाने से एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गयी, जबकि दो बच्चों समेत छह अन्य घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा कांगड़ा शहर के बाहरी इलाके में हुआ।
कांगड़ा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मथुरा से थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। वे 52 शक्तिपीठों में से एक बज्रेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिये जा रहे थे, तभी मंदिर के पास उनकी वैन खाई में गिर गयी।
श्री कुमार ने बताया कि घायलों को तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
टांडा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विवेक बन्याल ने यूनीवार्ता को बताया कि अस्पताल में सात घायल श्रद्धालुओं को लाया गया, जिनमें दो पुरुष, दो बच्चे और तीन महिलायें हैं।
इलाज के दौरान 60 वर्षीय महिला हर्देई की देर रात मौत हो गयी।
पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
