
इंदौर. आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स बिल्डिंग के सामने खाली प्लॉट पर युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई. करीब 25 वर्षीय युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को अस्पताल भिजवाया. मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी गई है. उसकी पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस हत्या, हादसे और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की असल वजह सामने आ सकेगी. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
