
सीधी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मतदान 29 दिसम्बर 2025 को होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी जिला सीधी ने जानकारी देकर बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 दिसम्बर 2025 से शुरू होगा। नाम निर्देशन पत्र 15 दिसम्बर तक लिये जायेंगे, नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 दिसम्बर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 दिसम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। नगरीय निकायों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 31 दिसम्बर को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायतों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र पर ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर ईव्हीएम से की जाने वाली मतगणना 2 जनवरी को सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 जनवरी 2026 को प्रातरू 10.30 बजे से की जायेगी। नगर परिषद मझौली में अध्यक्ष पद एवं छुही में सरपंच पद हेतु निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।
मझौली नगर परिषद समेत अन्य क्षेत्रों में निर्वाचन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरीय निकायो एवं पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2025 (उत्तराद्र्ध) हेतु जिले के नगर परिषद मझौली में अध्यक्ष पद के लिए तथा जनपद पंचायत मझौली के ग्राम पंचायत छुही में सरपंच पद हेतु निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न की जानी है। इसके साथ ही जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत बरिगवां नं. 1, कोचिटा, सारोकला, पडरी एवं उपनी, जनपद पंचायत सिहावल के ग्राम पंचायत चितांग, पहाडी, बघौडी, महुआर, दुधमनिया, देवरी, कुचवाही एवं जनकपुर, जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत पिपराही, बस्तुआ, कुसमी एवं रूंदा तथा जनपद पंचायत मझौली के ग्राम पंचायत सिरौला में पंच के लिए रिक्त एक-एक पद हेतु निर्वाचन संपन्न होगा।
कल से शुरू हो जायेगा नामांकन पत्र
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी उपनिर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 दिसम्बर 2025 से शुरू हो जायेगा। नाम निर्देशन पत्र भरने का कार्य 15 दिसम्बर 2025 तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 दिसम्बर एवं नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 दिसम्बर है। इसी दिनों निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। नगरीय निकाय एवं पंचायतों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7 बजे से होगा। सीधी जिले में निर्वाचन कार्यक्रम की घोंषणा होने के साथ ही सबसे ज्यादा सुर्खियों में नगर परिषद मझौली का निर्वाचन आ गया है। अध्यक्ष पद के लिये दावेदारों की सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं ग्राम पंचायत छुही में सरपंच पद के लिये भी दावेदारों की संख्या बढऩे लगी है।
