
छिंदवाड़ा. आबकारी विभाग द्वारा चांदामेटा के अंतर्गत ग्राम मानकादेही कला, परसोली, कन्हरगांव एवं मुसादेही में अवैध मदिरा निर्माण के अडडों तथा अवैध शराब विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम परसोली कन्हरगांव में नाले के किनारे झुरमुट में छिपाकर रखे मदिरा निर्माण के लिए तैयार 2 प्लास्टिक ड्रम एवं 8 प्लास्टिक कुप्पियों में भरा लगभग 270 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। इसका सैंपल लेकर शेष लहान मौके पर नष्ट किया गया। इसके बाद आबकारी अमले ने ग्राम मुसादेही में कन्हरगांव डेम के किनारे सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से 14 प्लास्टिक कुप्पियों में भरा 280 किलोग्राम महुआ लहान एवं एक कुप्पी में रखी 20 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। लहान के सैंपल लेने के बाद शेष अनुपयोगी लहान को नष्ट किया गया तथा अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण कायम किया गया। इसी क्रम में गांव में अवैध शराब विक्रेता के मकान पर दबिश देकर तलाशी ली गई, जहां से 5 लीटर कच्ची शराब मिलने पर प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, एक ढाबे की तलाशी के दौरान देशी शराब के 14 पाव बरामद किए गए, जिस पर भी प्रकरण कायम किया गया। इस पूरी दबिश कार्रवाई में कुल 550 किलोग्राम महुआ लहान एवं 25 लीटर कच्ची शराब तथा देशी शराब के 14 पाव बरामद किए गए। इस कार्रवाई में वृत्त चांदामेटा प्रभारी एवं आबकारी उप निरीक्षक जीत सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक प्रियंका सरयाम, दीपाली झारिया, रविशंकर कंगाली एवं घनश्याम पन्द्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
