नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और बुल्गारिया व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), अंतरिक्ष, पर्यटन और लोगों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे।
डॉ जयशंकर ने भारत यात्रा पर आयी बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कहा कि दोनों देशों की टीमों ने सहयोग का एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है, जिसे बैठक में मंजूरी दी जायेगी।
विदेश मंत्री ने बुल्गारिया के प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद हो रही यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों की प्रगति की समीक्षा करने और भविष्य के सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर है। उन्होंने इस साल जून में सोफिया की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के रिश्तों को नयी ऊर्जा मिली थी।
डॉ जयशंकर ने काला सागर में हमले का शिकार हुए जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों को वापस लाने और घायल नाविकों की देखभाल में बुल्गारिया सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच संबंध भी मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने इस प्रक्रिया में बुल्गारिया के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के जल्द लागू होने से दोनों पक्षों के बीच व्यापार, तकनीक और प्रतिभा के क्षेत्र में सहयोग को नयी गति मिलेगी।
श्री जयशंकर ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी और मोबिलिटी फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। इसके अलावा, होराइजन यूरोप पर बातचीत पूरी हो चुकी है और सातवीं रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक भी आयोजित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय, यूरोपीय और बहुपक्षीय स्तर पर भारत और बुल्गारिया के बीच सहयोग की मजबूत नींव है, जिसका इस्तेमाल दोनों देश अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।
