रायपुर 24 जनवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली में यात्री बस और ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्ची की मौत हो गई और 43 लोग घायल हो गये। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरायपाली सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताया है।
श्री साय ने एक्स हैंडल में लिखा,“महासमुंद जिले के सरायपाली में यात्री बस और ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्ची के निधन और 43 लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दुःखद है। घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति एवं उनके शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”
बताया जाता है कि जिले से गुजरने वाली हाईवे एनएच-53 पर सरायपाली में सुबह-सुबह खड़ी ट्रक से एक बस टकराई है। हादसे में बस में सवार 43 लोग घायल हुए हैं। जिनमें 18 गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि एक छह माह की बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हुई है। यह बस दुर्ग से पुरी की ओर जा रही थी। सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर के समीप नेशनल हाइवे 53 पर शुक्रवार को तड़के यात्री बस खड़े ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में बस में सवार एक बच्ची की मौत हो गई, वहीं 43 यात्रियों को चोट आई है, जिनमें से 19 लोगों की हालत गंभीर है। रास्ते में सुबह करीबन चार बजे सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर से करीबन 200 मीटर की दूरी पर खड़े ट्रक से बस जा भिड़ी। दुर्घटना के तुरंत बाद यात्रियों की चीख-पुकार शुरू हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। राजस्थान का ट्रक बीते दो दिनों से खराब हालत में खड़ा था।
