मैक्सिको, मैक्सिको के सिनालोआ में सैन्य अभियान के दौरान FBI के मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर ‘एल चापो इसिद्रो’ को गिरफ्तार किए जाने की खबर है, जिसके बाद इलाके में भारी हिंसा भड़क उठी।
मैक्सिको के कुख्यात ड्रग तस्कर फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस (Fausto Isidro Meza Flores) को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। FBI के मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल मेजा फ्लोरेस को ‘एल चापो इसिद्रो’ के नाम से भी जाना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिनालोआ के गुआसावे में चलाए गए सैन्य ऑपरेशन के दौरान उसे पकड़ा गया। इस कार्रवाई में मैक्सिकन सेना और हथियारबंद लोगों के बीच भीषण संघर्ष हुआ। हालांकि, मैक्सिको सरकार की ओर से गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं की गई है।
मेजा फ्लोरेस पर मेजा-फ्लोरेस आपराधिक संगठन (Meza-Flores Organization) और लॉस माजाटेकोस (Los Mazatlecos) का संचालन करने का आरोप है। शुक्रवार को उत्तरी सिनालोआ के गुआसावे में उसे पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया। यह इलाका मैक्सिको के प्रमुख कृषि केंद्रों में गिना जाता है।
कौन है ‘एल चापो इसिड्रो’?
FBI की जानकारी के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस पर अमेरिका में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटेनाइल और मारिजुआना जैसी नशीली दवाओं की तस्करी, आयात, वितरण और अवैध कब्जे के आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले के लिए FBI ने 5 मिलियन डॉलर यानी 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था।
उसके खिलाफ साल 2012 में ड्रग तस्करी के आरोपों में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, 2019 में भी ड्रग्स की तस्करी और हथियार रखने से संबंधित अपराधों को लेकर अभियोग लगाया गया था।
सैन्य कार्रवाई के बीच गोलीबारी और आगजनी
एल चापो इसिद्रो की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए अभियान के दौरान गुआसावे में हालात तनावपूर्ण हो गए। मैक्सिकन सेना और हथियारबंद लोगों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, वहीं कई वाहनों को जला दिया गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में सुरक्षा बलों के हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर उड़ते हुए दिखाई दिए, जिनसे तेजी से गोलियां चलाई जा रही थीं।
CNN के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन ने भी शहर में संघीय सुरक्षा बलों पर हमले की पुष्टि की है। हिंसा के चलते कुरोदा पार्क स्टेडियम में चल रहा बेसबॉल मैच बीच में ही रोकना पड़ा। स्टेडियम में 2026 लीगा मेक्सिकाना का मैच चल रहा था, जो मैक्सिको की पेशेवर समर बेसबॉल लीग है।
सिनालोआ कार्टेल से खूनी टकराव
अमेरिकी वित्त विभाग के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस का आपराधिक नेटवर्क सिनालोआ कार्टेल के साथ वर्चस्व की लड़ाई में शामिल रहा है। यह संघर्ष बेहद हिंसक रहा। उस दौर में सिनालोआ कार्टेल की कमान जोआक्विन ‘एल चापो’ गुजमान के हाथों में थी, जो फिलहाल अमेरिका की जेल में सजा काट रहा है।
सिनालोआ कार्टेल के दो बड़े गुट कमजोर पड़ने के बाद मेजा फ्लोरेस ने मौके का फायदा उठाते हुए अपना दबदबा बढ़ाया। उसके संगठन का प्रभाव गुआसावे, लॉस मोचिस और आसपास के निचले पहाड़ी इलाकों के कई कस्बों तक फैला हुआ था। साल 2024 में मैक्सिकन नौसेना ने गुआसावे से एक टन से ज्यादा फेंटेनाइल जब्त किया था। इसे मैक्सिको में इस ड्रग की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताया गया था।
