इंदौर: शहर को स्वच्छ रखने के लिए घर-घर से कचरा संग्रह कर उसके निपटान के लिए जगह-जगह प्लांट लगाए गए हैं, लेकिन ये प्लांट आसपास के रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. इन प्लांट्स से आने वाली बदबू आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रही है. इससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है.शहर भर के सभी क्षेत्रों से कचरा संग्रह कर नष्ट करने के लिए पूर्व में ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया जाता था, जो शहर की सीमा पर पहले से ही मौजूद था.
फिर नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कचरा निपटान के लिए छोटे-छोटे प्लांट लगा दिए गए. लेकिन इन प्लांट्स को लेकर शिकायतें मिल रही हैं कि रात में प्लांट से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हो रहे हैं. यह दुर्गंध उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल रही है. हाल ही में इसी तरह की एक शिकायत सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में हुई जनसुनवाई में भी आई है.
जनसुनवाई में अरविंदो अस्पताल के सामने स्थित कालिंदी गोल्ड सिटी के पास ग्राम पंचायत भांगिया के कई ग्रामीण शिकायती आवेदन देने आए थे. इन ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम भांगियां में कचरा निपटान के लिए जो प्लांट लगाया गया है, वहां भांगिया, मारोली मगरखेड़ा एवं जाखिया आदि तीन-चार गांव का कचरा डंप किया जाता था. लेकिन वहां अब शहर के अन्य क्षेत्रों से अधिक मात्रा में कचरा लाकर डाला जा रहा है. इतना ही नहीं, कचरा नष्ट करने के लिए उसे खुले में ही जलाया जाता है, जिससे आबो-हवा तो दूषित हो ही रही है, इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है. छोटे बच्चे कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं.
यह बोले रहवासी
तीन गांव के अलावा शहर का कचरा जो यहां डंप किया जा रहा है, उससे वहां रसायन बन रहा है. इससे क्षेत्र के अधिकांश बच्चे बीमार पड़ रहे हैं तथा उससे उठने वाली दुर्गंध भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है.
– शुभम आठवले
कचरा नष्ट करने के प्लांट में घरों और आसपास की फैक्टि्रयों का कचरा जलाया जाता है, जिसके धुंए से वातावरण में ऑक्सीजन गैस की कमी हो जाती है . इससे घुटन होने लगती है. आठ दिन पहले कलेक्टर आए थे, तब उन्हें इस समस्या से अवगत कराया गया था, उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है.
– विरेंद्र सिंह ठाकुर
प्लांट कर्मचारियों और निगम कर्मियों की मिलीभगत से बड़ी मात्रा में आस-पास का कचरा भी यहीं डाला जा रहा है, इससे होने वाली समस्याओं से लोग परेशान हैं. हमने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन दिया है कि यहां से प्लांट हटाया जाए. अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है.
– जसपाल सिंह ठाकुर, उपसरपंच, ग्रम भांगिया
