हत्यारोपियों का कोर्ट तक निकाला जुलूस

सिंगरौली । जयंत में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन हत्याकांड के छ: आरोपियों को सिंगरौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दूसरे राज्यों से पकड़े गए आरोपियों को आज शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने से पूर्व पुलिस ने बैढ़न कोतवाली से जिला न्यायालय तक पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और आरोपियों को सुरक्षा घेरे में न्यायालय तक ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक 17 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे फरियादी अपने साथियों के साथ नवानगर में जन्मदिन की पार्टी से बोलेरो वाहन में सवार होकर सेक्टर-बी दुद्धिचुआ लौट रहा था। सीएमपीडीआई के आगे ब्रेकर के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो तेज गति से निकली, जिससे बोलेरो चालक ने वाहन सड़क की बाईं पटरी पर उतारकर बचाव किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने चाकू तथा लाठी-डंडों से फरियादी व उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमले में सेक्टर-बी जयंत निवासी 24 वर्षीय भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2), 118(1), 103(1), 126(2), 191(2), 191(3) एवं 190 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विंध्यनगर आराधना सिंह परिहार, थाना प्रभारी बैढ़न अभिमन्यु द्विवेदी, थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा, थाना प्रभारी नवानगर राजेंद्र पाठक, थाना प्रभारी बरगवां अनिल पटेल, चौकी प्रभारी जयंत पवन सिंह, चौकी प्रभारी बंधौरा संदीप नामदेव, चौकी प्रभारी गोरबी शीतला यादव, चौकी प्रभारी खुटार अमन वर्मा सहित संबंधित थानों एवं चौकियों के स्टाफ और साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।

सभी आरोपी गिरफ्तार, जेल में दाखिल

गिरफ्तार आरोपियों में गोविंद वर्मा उम्र 35 वर्ष, सागर वर्मा उम्र 24 वर्ष शैलेंद्र उर्फ समीर वर्मा उम्र 22 वर्ष, हिमांशु सिंह उम्र 22 वर्ष, अजय वर्मा उम्र 21 वर्ष और अरविंद वर्मा उम्र 28 वर्ष शामिल हैं। सभी सिंगरौली जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गोविंद, सागर, समीर, अजय और अरविंद का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देशन, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा एवं सीएसपी हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को अन्य राज्यों से पकड़कर अभिरक्षा में लिया गया। पूछतांछ के बाद घटना में प्रयुक्त वाहन एवं औजार जप्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

अवैध घर गिराने एनसीएल का नोटिस

न्यायालय-भू-संपदा पदाधिकारी महाप्रबंधक दफ्तर एनसीएल परियोजना निगाही के भू-संपदा अधिकारी राजीव ने सागर वर्मा, विक्की वर्मा,समीर वर्मा तीनो पिता राकेश वर्मा खसरा क्रमांक 166,167 ग्राम बनौली सीएमपीडीआई शराबभट्टी के बगल, गोविन्द वर्मा पिता रामकृपाल वर्मा खसरा क्रमांक 560/1, 573 ग्राम बनौली को नोटिस जारी किया है, जिसमें आरोप लगा है कि एनसीएल परियोजना निगाही की अधिग्रहित भूमि बनौली में अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कराया गया है। 25 नवम्बर को उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करें और अवैध निर्माण के भूमि को खाली करें, अन्यथा एनसीएल प्रबंधन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। एनसीएल के इस नोटिस से उक्त अतिक्रमण कारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

Next Post

विधायक ने निर्माणाधीन रैन बसेरा का किया निरीक्षण

Fri Nov 20 , 2026
सिंगरौली । श्रम विभाग द्वारा निर्माणाधीन रैन बसेरा के निर्माण कार्यों का सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के निचले हिस्से से लेकर ऊपरी तल तक पहुंचकर निर्माण कार्यों की बारीकी से पड़ताल की और कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ननि […]

You May Like