मुंबई, 20 नवंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लगातार लिवाली बने रहने तथा कच्चे तेल में नरमी से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी जारी रही और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक शुरुआती गिरावट के बाद अंत में 897.96 अंक (1.08 फीसदी) ऊपर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ। यह इस साल 11 फरवरी के बाद इसका उच्चतम बंद स्तर है।
इससे पहले, सेंसेक्स की शुरुआत 463 अंक की गिरावट में हुई थी और एक समय यह 600 अंक से ज्यादा टूट गया था। बीच कारोबार में यह नीचे 82,403.27 अंक और ऊपर 84,037.96 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,800.60 अंक पर पहुंच गया। यह इसका भी 18 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
एआई शेयरों में बिकवाली से दुनिया के लगभग सभी प्रमुख शेयर बाजार लाल निशान में हैं। दूसरी तरफ, विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में पैसा लगा रहे हैं जहां एआई की पैठ अभी उतनी ज्यादा नहीं है। नवंबर में अबतक एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार में 13.67 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश कर चुके हैं।
एफपीआई की लिवाली से मौजूदा सप्ताह में सेंसेक्स 2,327 अंक (2.85 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 746.20 अंक (2.98 प्रतिशत) चढ़ा है। साथ ही कच्चे तेल में आज करीब दो फीसदी की गिरावट से भी निवेश धारणा मजबूत हुई है।
वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.73 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.13 प्रतिशत टूट गया।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी बैंक 2.49 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियर सर्विसेज 2.02 प्रतिशत ऊपर रहा। आईटी, रियल्टी और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक मजबूत रहे। ऑटो, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और फार्मा शेयरों के सूचकांक भी हरे निशान में रहे। मीडिया, एफएमसीजी, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांकों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,738 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,205 के शेयर टूट गए जबकि 1,414 के शेयरों में तेजी रही। अन्य 119 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयरों में लिवाली देखी गई। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.08 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक का 3.02 प्रतिशत ऊपर रहा। मारुति सुजुकी में 2.88 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.75, बजाज फाइनेंस में 2.47, आईसीआईसीआई बैंक में 2.22 और एक्सिस बैंक में 2.05 प्रतिशत की तेजी रही।
इंडिगो का शेयर 1.87 फीसदी, पावरग्रिड का 1.70, टीसीएस का 1.21, टेक महिंद्रा का 1.10 और ट्रेंट का 0.94 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी ऊपर रहे।
टाइटन में सबसे अधिक 1.71 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। टाटा स्टील का शेयर 1.69 प्रतिशत, एनटीपीसी का 1.29, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.96 और सन फार्मा का 0.94 प्रतिशत टूट गया। इटरनल, बीईएल और आईटीसी में भी गिरावट रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 5.06 फीसदी लुढ़क गया। हांगकांग का हैंग सेंग 5.06 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.22 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.42 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.40 प्रतिशत नीचे था।

