
लखनऊ। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने लंबी दूरी की स्लीपर बसों के खिलाफ पांच दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर 13 से 17 नवंबर तक चलाए गए ‘ऑपरेशन सतर्कता’ के तहत प्रदेशभर में व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 2,534 बसों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन मिलने पर 751 चालान किए गए और 77 बसों को बंद कराया गया।
अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) केडी सिंह गौर ने बताया कि परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के मार्गदर्शन में सभी एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर निगरानी के लिए 15 स्थैतिक टीमें तैनात की गई थीं। ये टीमें आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे चेकिंग कर रही थीं।
आपातकालीन निकास और अग्नि सुरक्षा में मिलीं खामियां
जांच के दौरान बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सीट और स्लीपर पाए जाने पर 73 चालान और आठ बसें बंद की गईं। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर 94 चालान और नौ बसें बंद की गईं।
इसी प्रकार आपातकालीन निकास क्रियाशील नहीं मिलने पर 122 चालान और 16 बसें बंद की गईं। अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न होने अथवा काम नहीं करने पर 85 चालान और 13 बसों को बंद किया गया।
परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर सर्वाधिक 342 चालान और 27 बसें बंद की गईं। इसके अलावा चालक के नशे में होने पर दो चालान तथा निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई और माल लदे होने पर 33 चालान व चार बसें बंद करने की कार्रवाई की गई।
24.15 लाख का प्रशमन शुल्क वसूला
अभियान के दौरान कुल 751 चालान और 77 बसों को बंद करने की कार्रवाई की गई। इससे परिवहन विभाग को 24.15 लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में प्राप्त हुए, जबकि 9.32 लाख रुपये टैक्स की भी वसूली की गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लंबी दूरी की बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना था।
