
छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने दो माह पूर्व रोहना बायपास स्थित एक दुकान में हुई चोरी की वारदात के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को शिवनगर कॉलोनी में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहना निवासी प्रफुल्ल पिता हरिप्रसाद पाल 30 वर्ष ने 7 अक्टूबर को देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रोहना बायपास स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. गुरुवार को थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी फरहान खान पिता सरफराज खान 19 वर्ष निवासी शिवनगर कॉलोनी अपने घर पर मौजूद है. सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर उसके घर की घेराबंदी की गई और उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 सितंबर की दरम्यानी रात दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है.
पहले तीन आरोपी जा चुके हैं जेल ०००००
जांच के दौरान देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पूर्व में तीन आरोपियों अम्मु उर्फ इम्मु शाह, छोटे उर्फ अल्फाज शाह दोनों निवासी शिवनगर कॉलोनी और आदित्य उर्फ जित्तू मसराम निवासी नया बैल बाजार को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फरहान खान के खिलाफ पूर्व में कोतवाली थाने में मारपीट और देहात थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं. इस प्रकरण का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
पुलिस टीम होगी पुरस्कृत ००००
इस कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरी. गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी, सौरभ सिंह बघेल, प्रकाश साहू सहित सायबर सेल के प्रआर. नितिन और आरक्षक आदित्य की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.
