नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष तथा इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने कहा है कि मोजाम्बिक की मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं समाजसेवी ग्रासा माशेल का दशकों तक चला जीवन और कार्य तथा राष्ट्रीय सीमाओं से परे उनका योगदान इंदिरा गांधी के शांति, स्वतंत्रता और विकास के आदर्शों का मजबूत प्रतिबिंब है।
श्रीमती गांधी ने गुरुवार को यहां जवाहर भवन में आयोजित 2025 के इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार समारोह में श्रीमती ग्रासा माशेल को पुरस्कार प्रदान करते हुए अपने संबोधन में कहा कि श्रीमती माशेल ने मोजाम्बिक के स्वतंत्रता संघर्ष से लेकर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की पैरवी तक अपना जीवन सामाजिक न्याय, मानवीय गरिमा और समानता के लिए समर्पित किया है और ये मूल्य इंदिरा गांधी की दृष्टि से गहराई से मेल खाते हैं। इंदिरा गांधी शांति, स्वतंत्रता और विकास को एक-दूसरे से अलग नहीं मानती थीं। वह मानती थीं कि प्रगति लोगों की गरिमा और उनके कल्याण, विशेषकर वंचितों के जीवन में निहित है और राजनीतिक स्वतंत्रता से उनके जीवन में सार्थक बदलाव आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 1945 में ग्रामीण मोजाम्बिक में जन्मीं श्रीमती ग्रासा माशेल 1973 में अपने देश लौटीं और स्वतंत्रता सेनानी तथा शिक्षिका के रूप में फ्रेलिमो के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ीं। वर्ष 1975 में मोजाम्बिक की स्वतंत्रता के बाद वह देश की पहली शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बनीं। उनके कार्यकाल में स्कूलों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ी और लड़कों का नामांकन 40 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक तथा लड़कियों का नामांकन 75 प्रतिशत तक पहुंचा।
उन्होंने कहा कि श्रीमती माशेल के लिए शिक्षा का अर्थ नयी पीढ़ी को अपना भविष्य स्वयं तय करने का अवसर देना था। मानव गरिमा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता मोजाम्बिक से आगे बढ़ी और 1996 की संयुक्त राष्ट्र रिपोर्ट ‘द इम्पैक्ट ऑफ आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट ऑन चिल्ड्रन’ ने बच्चों पर युद्ध के विनाशकारी प्रभावों को सामने रखा। रिपोर्ट ने संयुक्त राष्ट्र और उसके सदस्य देशों के बच्चों के पीड़ा के प्रति प्रतिक्रिया को बदलने में मदद की और आज भी मानवीय अभियानों के लिए मार्गदर्शक बनी हैं। उनका कहना था कि शांति केवल संघर्ष की समाप्ति नहीं है बल्कि इससे समुदायों को अपना जीवन फिर से बनाने और भविष्य की ओर देखने का अवसर भी मिलना चाहिए। इंदिरा गांधी के लिए भी राष्ट्र निर्माण की दृष्टि में शिक्षा महत्वपूर्ण थी। उनका मानना था कि स्वतंत्रता के साथ राष्ट्र की सामाजिक और आर्थिक प्रगति होनी चाहिए तथा किसी राष्ट्र की शक्ति उसके लोगों में निहित होती है।
उन्होंने शांति को स्वतंत्रता और प्रगति की तरह अविभाज्य बताया और कहा कि यही शब्द इस पुरस्कार की भावना को व्यक्त करते हैं। न्याय के बिना स्थायी शांति और हिंसा तथा असुरक्षा के बीच सार्थक विकास संभव नहीं हो सकता। श्रीमती माशेल ने इन विचारों को सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ाया है। ‘द एल्डर्स’ की संस्थापक सदस्य के रूप में उन्होंने शांति और जिम्मेदार नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए काम किया है। उन्होंने ‘गर्ल्स नॉट ब्राइड्स’ की स्थापना में भी मदद की, जो बाल विवाह से मुक्त भविष्य के लिए लड़कियों के अधिकारों की पैरवी करता है।
श्रीमती गांधी ने कहा कि ग्रासा माशेल ट्रस्ट के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन को बढ़ावा दिया गया है, जबकि जिजिले इंस्टीट्यूट फॉर चाइल्ड डेवलपमेंट के माध्यम से बच्चों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता जारी है। उन्होंने लगातार कमजोर वर्गों को सार्वजनिक जीवन के केंद्र में रखा है। माशेल के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा “आइए उस बच्ची को चेहरा और आवाज दें जिसे नजरअंदाज किया गया है और जो अब हमारे विकास के प्रयासों के केंद्र में है। वही दुनिया को बदलेगी।”
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी लोगों की अपने भविष्य को आकार देने की क्षमता में विश्वास करती थीं और यही विश्वास ग्रासा माशेल में भी है। उनका जीवन हमें याद दिलाता है कि नेतृत्व अन्याय को चुनौती देने के साहस और बदलाव लाने की प्रतिबद्धता से मापा जाता है।
श्रीमती गांधी ने कहा कि श्रीमती ग्रासा माशेल को सम्मानित करना साहस, करुणा और सेवा से भरे जीवन का सम्मान करना है। उन्होंने इंदिरा गांधी स्मारक ट्रस्ट की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और गहरी सराहना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उदाहरण ऐसी दुनिया बनाने के लिए प्रेरित करे जहां हर बच्चा, हर महिला और हर समुदाय गरिमा, अवसर और आशा के साथ जीवन जी सके।
