
झाबुआ. झाबुआ जिले में गुजरात सीमा के समीप पिटोल चौकी पुलिस क्षेत्र में बेतूल-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-47 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों से इलाके में सनसनी फैल गई। हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले हादसे में एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार कई लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरी दुर्घटना में ट्रक और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों हादसों में घायल हुए सात लोगों को उपचार के लिए गुजरात के दाहोद स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पिटोल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसों में मृतकों की पहचान रेवचंद पिता खीमंच भूरिया, निवासी नेगड़िया और नन्नू बारिया, निवासी बड़वारा, गुजरात के रूप में हुई है।
