नई दिल्ली। पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर भर्ती में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है।
त्रिवेदी ने परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि कुछ परीक्षा केंद्रों से असामान्य संख्या में अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। उन्होंने दावा किया कि एक केंद्र से करीब 24 प्रतिशत अभ्यर्थियों के सफल होने की बात सामने आई है। इसके अलावा 22 ऐसे समूहों का जिक्र किया, जिनमें लगातार तीन रोल नंबर वाले अभ्यर्थी चयनित हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये महज संयोग हैं या इसके पीछे कोई अनियमितता है?
*मंत्रियों और नेताओं के परिजनों के चयन पर सवाल*
बीजेपी प्रवक्ता ने चयनित अभ्यर्थियों की पारिवारिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के बेटे सहित कई विधायकों, पार्षदों और आम आदमी पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों के परिजन भी चयनित हुए हैं। कुछ अधिकारियों और भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपित अधिकारियों के रिश्तेदारों के चयन पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
*रिजल्ट में नाम की जगह रोल नंबर पर आपत्ति*
त्रिवेदी ने परिणाम में अभ्यर्थियों के नाम के बजाय केवल रोल नंबर जारी करने के फैसले पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इससे चयनित उम्मीदवारों की पहचान और उनकी पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने अंग्रेजी और पंजाबी की अनिवार्य परीक्षा, कॉपियों के मूल्यांकन और परीक्षा प्रक्रिया में कथित बदलावों को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा।
*CBI जांच की मांग, कांग्रेस को भी घेरा*
बीजेपी ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। त्रिवेदी ने कहा कि हजारों युवाओं का भविष्य भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा है, इसलिए सरकार को सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी को लेकर भी निशाना साधा।
फिलहाल इस मामले में बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों पर पंजाब सरकार और PPSC का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। भर्ती में किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
