सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली द्वारा थाना बहरोल एवं थाना विनायका का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने उपस्थित थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ से सीधे संवाद कर थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों, अपराधों की प्रकृति एवं क्षेत्र के क्राइम पैटर्न, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा बीट व्यवस्था के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम एवं आमजन के साथ बेहतर पुलिस समन्वय स्थापित करने के संबंध में आवश्यक चर्चा की।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने पुलिसकर्मियों के कार्य के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन के प्रति भी संवेदनशीलता प्रदर्शित की। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी पारिवारिक परिस्थितियों, निजी समस्याओं एवं निवास स्थान के संबंध में आत्मीयतापूर्वक जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं को समझते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं जानकारी प्रदान की।
भ्रमण का एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पक्ष यह भी रहा कि पुलिस महानिरीक्षक ने केवल थाने तक ही अपने संवाद को सीमित नहीं रखा, बल्कि रास्ते में मिले ग्रामीणजनों एवं विद्यार्थियों को भी रोककर उनसे आत्मीयतापूर्वक बातचीत की। विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, शिक्षा संबंधी गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली, वहीं ग्रामीणजनों से क्षेत्र की परिस्थितियों एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में चर्चा कर उनका पक्ष जाना।
