मटर सीजन शुरू, पर मंडी अधूरी, 800 व्यापारी परेशान, तीन साल बाद भी औरैया नवीन मंडी में मूलभूत सुविधाओं का टोटा

जबलपुर: जिले में हरी मटर की आवक शुरू हुए पंद्रह दिन बीत चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक लेटलतीफी के चलते औरैया बायपास स्थित निर्माणाधीन नवीन मटर मंडी अब तक तैयार नहीं हो सकी है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव और दुकानों का आवंटन न होने से मंडी के करीब 800 व्यापारियों के सामने कारोबार का संकट खड़ा हो गया है।
कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष अजीत साहू ने बताया कि औरैया बायपास पर विगत 3 वर्षों से अतिरिक्त फल-सब्जी मंडी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कार्य अधूरा पड़ा है। स्थिति यह है कि कई दुकानों पर अभी तक छत भी नहीं डाली जा सकी है। इतना ही नहीं, शेष बची 50 प्रतिशत दुकानों के आवंटन के लिए प्रशासन द्वारा अभी तक टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं की गई है।

बंपर आवक की उम्मीद, पर सडक़ों पर लग रहा जाम
मंडी में व्यवस्थित स्थान न मिलने के कारण मटर की रोजाना बढ़ती आवक का सीधा असर यातायात पर पड़ रहा है। मंडी के बाहर सडक़ों पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे आम राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वर्ष क्षेत्र में मटर फसल की बंपर आवक होने का अनुमान है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो किसानों, बाहर से आने वाले व्यापारियों और मजदूर वर्ग के लिए स्थिति और विकट हो जाएगी।

ये प्रमुख मांगें
स्थायी आवंटन होने तक पिछले वर्ष की भांति व्यापारियों को वैकल्पिक व अस्थायी स्थान आवंटित किया जाए। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा चार्ज करने और किसानों के भुगतान स्थल पर रोशनी के लिए एक-एक बल्ब लगाकर अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया जाए। सभी मूलभूत सुविधाओं को जल्द पूरा कर व्यापारियों को विश्वास में लेते हुए नवीन मंडी औरैया में स्थानांतरित किया जाए।इस समस्या को लेकर कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ ने जिला कलेक्टर और मंडी समिति के सचिव को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।

Next Post

स्कूल एवं यात्री बसो की जांच में 59 बस चालकों से पुलिस ने वसूला 29 हजार का जुर्माना

Thu Nov 19 , 2026
पांढुरना:जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर के निर्देश पर सुरक्षा को लेकर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान में बीते तीन दिनों में 190 बसों की जांच कर 59 बसों पर चालान कर ₹29,600 का जुर्माना वसूल किया ।पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर […]

You May Like