शॉपिंग काम्पलैक्स निर्माण को चुनौती देने वाले मामलेकी सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट में भोपाल के ऐतिहासिक छोला दशहरा मैदान पर प्रस्तावित व्यावसायिक निर्माण को चुनौती देने वाले मामले में उभयपक्षों की बहस पूरी हो गई है। मैदान के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व व सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई पूरी होने पर चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे व जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

यह जनहित याचिका भोपाल निवासी हिंदू उत्सव समिति के सदस्य मनोज शुक्ला और मनोज ठाकुर की ओर से दायर की गई है। जिसमें बताया गया कि लगभग 4.030 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला छोला दशहरा मैदान पिछले 117 वर्षों से दशहरा उत्सव सहित विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यह मैदान भोपाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मैदान की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर विशाल व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है।

इससे दशहरा उत्सव सहित वर्षों से आयोजित होने वाले धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। याचिकाकर्ताओं के अनुसार इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता ने पक्ष रखा, जबकि राज्य शासन की ओर से उप महाधिवक्ता स्वप्निल गांगुली ने पैरवी की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने निर्णय सुरक्षित रख लिया।

Next Post

छठे वेतन आयोग का लाभ नहीं देने पर कृषि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार तलब

Wed Nov 18 , 2026
जबलपुर: जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर द्वारा सेवानिवृत्त सह प्राध्यापक को छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन, भत्ते और पेंशन का लाभ नहीं दिए जाने के मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने विगत 23 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय के […]

You May Like