
रीवा। पद्मधर पार्क में आयोजित कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान बचाने की है. उन्होंने भाजपा पर ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग, मीडिया पर नियंत्रण और न्याय व्यवस्था में दखल का आरोप लगाया. लाड़ली बहना योजना का अधूरा वादा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को भी मुद्दा बनाया.
पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि भाजपा ने किसानों व युवाओं को निराश किया है, जबकि देश के संसाधन कुछ हाथों में केंद्रित हो गए हैं.कार्यक्रम में 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हिटलरशाही हावी है, 70 लाख लोगों पर केस दर्ज हैं और ओबीसी आरक्षण रोका जा रहा है. उन्होंने भाजपा को फर्जी वोटों से सीटें जीतने का आरोप भी लगाया.
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और किसानों पर डिजिटल मीटर का नया बोझ आने वाला है. सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल ने खाद, बिजली और कृषि उपकरणों पर टैक्स को लेकर किसानों की परेशानी उठाई, यूरिया के दाम 50 से 262 रुपए तक बढ़ने का उल्लेख किया.
कार्यक्रम में विभा पटेल, सिद्धार्थ कुशवाहा, राजेन्द्र सिंह, ओंकार मरकाम, सचिन यादव, फुंदेलाल मार्को, अभय मिश्रा, राजेन्द्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा बाबा समेत कई नेता उपस्थित रहे.
