णनीतिक महत्व के क्षेत्रों में जापान के साथ मिलकर काम करने को तत्पर है भारत: मोदी

टोक्यो/नयी दिल्ली 30 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों में जापान के साथ मिलकर काम करने को तत्पर है। जापान यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन शनिवार को श्री मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिगेरु इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन में सवार होकर मियागी प्रान्त के सेंडाई में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की एक अग्रणी जापानी कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रॉन मियागी लिमिटेड (टीईएल मियागी) का दौरा किया। प्रधानमंत्री को वैश्विक सेमीकंडक्टर क्षेत्र में टीईएल की भूमिका, इसकी उन्नत विनिर्माण क्षमताओं और भारत के साथ इसके नियोजित सहयोग के बारे में जानकारी दी गई। कारखाने के दौरे से नेताओं को सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, निर्माण और परीक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच मौजूद अवसरों की व्यावहारिक समझ मिली।
सेंडाई की यात्रा ने भारत के बढ़ते सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र और उन्नत सेमीकंडक्टर उपकरण एवं प्रौद्योगिकी में जापान की ताकत के बीच सहयोग की संभावनाओं को उजागर किया। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में सहयोग को और प्रगाढ करने , जापान-भारत सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी पर सहयोग ज्ञापन के साथ-साथ भारत-जापान औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता साझेदारी और आर्थिक सुरक्षा संवाद के अंतर्गत चल रही साझेदारियों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री इशिबा की इस संयुक्त यात्रा ने भारत और जापान के मजबूत, लचीली और विश्वसनीय सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने के साझा दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री इशिबा के प्रति आभार व्यक्त किया और इस रणनीतिक क्षेत्र में जापान के साथ मिलकर काम करने की भारत की तत्परता की पुष्टि की।
प्रधानमंत्री इशिबा ने सेंडाइ में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया। इस अवसर पर मियागी प्रान्त के गवर्नर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
श्री मोदी इसके बाद अपनी दो दिन की यात्रा के समापन पर चीन के लिए रवाना होंगे जहां वह राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता के अलावा शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।

Next Post

जापान की सफल यात्रा के बाद मोदी चीन के लिए हुए रवाना

Sat Aug 30 , 2025
टोक्यो/नयी दिल्ली 30 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान की दो दिवसीय सफल यात्रा के समापन पर शनिवार को चीन के लिए रवाना हो गये। श्री मोदी ने चीन के लिए रवाना होने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर कहा कि उनकी जापान यात्रा बेहद सार्थक रही और […]

You May Like