दोहरे हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार बोलेरो से बाइक को टक्कर मारने के बाद फालिये से किया था हमला, पुरानी हत्या का बदला लेने की आशंका

आलीराजपुर। शहर के ओम शांति आश्रम के समीप स्टेट हाईवे के खंडवा बड़ौदा रोड पर दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड का आलीराजपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और फालिये भी जब्त किए हैं। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ओम शांति आश्रम के पास बोलेरो वाहन से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर मोती वास्कले एवं चमला की फालिये से वार कर हत्या कर दी गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 539/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 238(a) एवं 61(2)(b) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी आलीराजपुर शक्तिसिंह चौहान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम मोरधी, खोरियावाड़ फलिया निवासी ठाकुर पिता दशरथ वास्कले, रोहित पिता करमसिंह वास्कले, पिंटू पिता अभयसिंह वास्कले, कुतरिया पिता मांगू वास्कले एवं वेस्ता पिता शंकर वास्कले शामिल हैं।

पुरानी हत्या के प्रतिशोध में वारदात की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में सामने आया है कि इस दोहरे हत्याकांड का संबंध 12 नवंबर 2026 को थाना चांदपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम मोरधी निवासी दिलीप पिता अभयसिंह की हत्या से जुड़ा हो सकता है। उक्त हत्या को वाहन दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, उसी घटना के प्रतिशोध में 16 नवंबर को आलीराजपुर के दीपा की चौकी क्षेत्र में स्टेट हाईवे केबी रोड पर दिनदहाड़े इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन एवं फालिये जब्त किए हैं। मामले में अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील रंदे, मुन्नालाल कटारे, रणजीतसिंह सोलंकी, कन्हैयालाल साजोदिया, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार राठौर, कैलाश, लक्ष्मण देवड़ा, जयेन्द्र नायक, प्रधान आरक्षक सुनील, दिनेश, मुकेश, हनुमंत, सुरेश, गणपत, संजय तथा आरक्षक उमेश, राकेश, जगदीश, गिरधारी, प्रकाश, अमरसिंह, संजय, अनिल, जितेन, राजेन्द्र, अकरम एवं सेवकराम का सराहनीय योगदान रहा।

.....

Next Post

टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड: ड्राइवर और क्लीनर को न्यायालय ने 23 नवंबर तक रिमांड पर सौंपा - शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दोनों आरोपियों को लंगड़ाते हुए न्यायालय में किया पेश, चेहरे पर नकाब और कड़ी सुरक्षा के बीच ले गई एसआईटी

Tue Nov 17 , 2026
खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में एसआईटी को दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए और समय मिल गया है। मंगलवार को न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपियों की शारीरिक स्थिति और पुलिस के सुरक्षा इंतजाम चर्चा का विषय रहे। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर […]

You May Like