नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) दिल्ली थोक जिंस बाजार में सोमवार को चावल, गेहूं और आटा के भावों में गिरावट रही जबकि विदेशों में गिरावट के विपरीत स्थानीय बाजार में तेल सरसों को छोड़ कर प्रमुख खाद्य तेलों में तेजी बनी रही।
दालों में मिला जुला रुख रहा जबकि खाद्य तेल तथा गुड़ चीनी में मिला जुला रुख दिखा। विदेशों में पाम और सोया वादा बाजार में नरमी जारी थी।
खाद्य तेलों में तेजी सप्ताह के दूसरे दिन भी बरकरार रही। सरसों को छोड़ सभी प्रमुख खाद्य तेलों के भाव चढ़े हुए थे। तेल मूंगफली हल्की तेजी के साथ कल की तुलना में प्रति क्विंटल 9 रुपये महंगा बिका। वनस्पति 39 रुपये और सोया तेल 37 रुपये तेज रहा। सूरज मुखी में कल की करीब 50 रुपये तेजी के बाद इसका भाव आज 88 रुपये और तेज हो गया । इसके विपरीत सरसों तेल कल तेजी के बाद आज 103 रुपये नीचे आ गया था। पाम आयल मलेशिया में नरमी की खबरों के बावजूद 43 रुपये और चढ़ गया।
दालों में चना और उड़द दाल क्रमश: 15 रुपये और 13 रुपये प्रति क्विंटल चढे़ हुए थे।। तुअर का भाव कल 57 रुपये ऊपर जाने के बाद आज पहले के स्तर पर टिका रहा। मूंग और मसूर दाल के भाव क्रमश: 31 और 24 रुपये टूट गये।
गेहूं प्रति क्विंटल 21 रुपये नरम हो गया जबकि आटा 16 रुपये नरम बोला गया। चावल में 20 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी। चीनी और गुड़ बाजार की दिशा आज अलग-अलग थी। चीनी 7 रुपये क्विंटल तेज चल रही थी जबकि गुड़ 12 रुपये नरमी पर था।
विदेशी खाद्य तेल बाजार बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जनवरी का पाम ऑयल वायदा कारोबार यह समाचार लिखे जाने तक 31 रिंगिट घट होकर 4,405 रिंगिट प्रति टन पर चल रहा था। अमेरिकी सोया तेल वायदा के दिसंबर अनुबंधों का भाव 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62.00 सेंट प्रति पौंड बोला जा रहा था।
